कन्नौज के स्कूलों में मध्यान्ह भोजन के लिए 1.68 करोड़ रुपये स्वीकृत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों को स्वच्छ, पौष्टिक और संतुलित मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने 1 करोड़ 68 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह धनराशि केंद्र सरकार की पी.एम. पोषण योजना (पूर्व में मध्यान्ह भोजन योजना) के अंतर्गत प्रदान की गई है।
स्वीकृत राशि का उपयोग विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक सामग्री जैसे तेल, मसाले, दाल, ईंधन, मौसमी सब्जियां एवं दूध की खरीद में किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य छात्रों के शारीरिक, मानसिक और पोषण स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी प्रधानाध्यापक और विद्यालय प्रभारी भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयारी और वितरण सुनिश्चित करें।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार जनपद के कुल 1576 विद्यालयों में मानक मेन्यू के अनुसार नियमित रूप से मध्यान्ह भोजन वितरित किया जा रहा है। इनमें 1006 प्राथमिक विद्यालय, 259 उच्च प्राथमिक विद्यालय, 194 कम्पोजिट विद्यालय, 39 अशासकीय सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालय, 13 सहायता प्राप्त मदरसे, 4 दीनदयाल उपाध्याय राजकीय विद्यालय, 1 अनुदानित संस्कृत विद्यालय तथा 60 इंटर कॉलेज शामिल हैं।
बच्चों के पोषण स्तर को और सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी की पहल पर प्रत्येक बुधवार को दूध वितरण की अतिरिक्त व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत प्राथमिक विद्यालयों के छात्रों को 150 मिलीलीटर और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्रों को 200 मिलीलीटर ताजा दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि यह पहल बच्चों के शारीरिक विकास, ऊर्जा वृद्धि और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।






