तीन बच्चों की मां ने 18 साल के प्रेमी संग जाने का लिया फैसला

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों, ममता और सामाजिक सोच पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। भीतरगांव के साढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की 45 वर्षीय महिला, जो तीन बच्चों की मां है, अपने से काफी छोटे—करीब 18 वर्षीय—युवक के प्रेम में इस कदर डूब गई कि उसने परिवार और बच्चों को छोड़ने का कठिन फैसला कर लिया। मामला 26 जनवरी का है, जब महिला पड़ोस में रहने वाले युवक के साथ अचानक घर छोड़कर चली गई। महिला के लापता होने पर पति ने साढ़ थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की।

थाने में छलक उठा दर्द
शनिवार को पुलिस ने महिला और युवक को बकेवर इलाके से बरामद कर थाने लाया। सूचना मिलते ही महिला का पति अपने तीनों बच्चों को लेकर थाने पहुंच गया। थाने का माहौल उस वक्त बेहद भावुक हो गया, जब पति और बच्चे महिला से घर लौटने की गुहार लगाते रहे।
महिला का 18 वर्षीय बड़ा बेटा मां के सामने गिड़गिड़ाता रहा, उसे परिवार की याद दिलाने और वापस चलने की मिन्नतें करता रहा, लेकिन मां का दिल नहीं पसीजा। बेटे की आंखों में आंसू थे, पर मां का फैसला अटल नजर आया।

अब उसी के साथ जीना है
महिला ने साफ शब्दों में पुलिस और परिवार के सामने कहा कि वह अब अपने प्रेमी के साथ ही जीवन बिताना चाहती है। समझाने के तमाम प्रयासों के बावजूद वह अपने फैसले पर कायम रही।

साढ़ थाना प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि महिला बालिग है और उसने स्वेच्छा से युवक के साथ जाने का निर्णय लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवश्यक लिखा-पढ़ी की गई, जिसके बाद महिला युवक के साथ चली गई।

रिश्तों और समाज के सामने सवाल
यह घटना सिर्फ एक पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि समाज के सामने खड़े उन सवालों की तस्वीर है, जहां ममता, जिम्मेदारी और व्यक्तिगत फैसलों के बीच टकराव साफ नजर आता है। एक ओर पति और बच्चों का टूटा हुआ भरोसा है, तो दूसरी ओर महिला का अपनी पसंद के साथ जीने का फैसला।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News