कन्नौज जनपद में आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी, 88 प्रतिशत लक्ष्य पूरा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता के निर्देश पर जिले भर में विशेष शिविरों का आयोजन कर पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक परिवारों तक योजना का लाभ समय पर पहुंच सके।
अभियान के तहत जनपद के 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), दो जिला स्तरीय केंद्रों और एक मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान मित्रों द्वारा विशेष कैंप लगाए गए। इन शिविरों के माध्यम से आज 53 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सतेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में 1,65,648 परिवारों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष अब तक 1,45,429 परिवारों के कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का 88.07 प्रतिशत है।
उन्होंने यह भी बताया कि कुल 7,76,281 लाभार्थियों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 4,59,319 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड तैयार किए जा चुके हैं। यह प्रगति 59.17 प्रतिशत के बराबर है। योजना के तहत अब तक लगभग 49 हजार लाभार्थियों को निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन शेष पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभियान को आगे भी इसी गति से जारी रखा जाएगा, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना से वंचित न रहे।






