समधन बाजार में तहबाजारी शुल्क पर रोक, ईओ ने मुनादी कराकर दी जानकारी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। नगर पंचायत समधन बाजार के दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है। नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी दिव्या गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि जब तक तहबाजारी का ठेका नहीं उठाया जाता, तब तक किसी भी दुकानदार से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस संबंध में शनिवार को नगर की मुख्य सड़क पर मुनादी कराकर आमजन और व्यापारियों को जानकारी दी गई।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष के दौरान अभी तक तहबाजारी वसूली का कोई ठेका स्वीकृत या आवंटित नहीं किया गया है। ऐसे में नगर पंचायत कार्यालय की ओर से न तो रेहड़ी-पटरी दुकानदारों से और न ही छोटे व्यापारियों से किसी प्रकार की वसूली की जाएगी।
यह छूट नगर की सब्जी मंडी, गली-मोहल्लों और सड़क किनारे ठेली लगाकर रोज़गार करने वाले सभी दुकानदारों पर लागू रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य छोटे व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों से बचाना और पारदर्शिता बनाए रखना है।
ईओ ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति नगर पंचायत के नाम पर तहबाजारी शुल्क वसूलता पाया जाता है, तो उसकी तत्काल सूचना नगर पंचायत कार्यालय को दी जाए। उन्होंने दोहराया कि वर्तमान में शुल्क वसूली का कोई अधिकृत ठेका नहीं है और अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।






