एक महीने से ठप बिजली आपूर्ति, सिमरापुर के ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

संवाद 24 संवाददाता। जलालाबाद क्षेत्र के सिमरापुर गांव में पिछले एक माह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। गांव में स्थापित 25 हॉर्स पावर (HP) का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार अंधेरे और बिजली अभाव से दैनिक जीवन के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में कुल 29 घरेलू विद्युत कनेक्शन हैं, जिनमें प्रत्येक कनेक्शन की स्वीकृत क्षमता लगभग 2 किलोवाट है। उनका कहना है कि 25 HP का ट्रांसफार्मर पहले से ही अपर्याप्त था और अधिक लोड के चलते वह बार-बार खराब होता रहा। एक माह पूर्व ट्रांसफार्मर पूरी तरह फेल हो गया, जिसके बाद से बिजली आपूर्ति बंद है।

इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने विद्युत विभाग में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही तहसील दिवस में भी प्रार्थना पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों की मांग है कि वर्तमान जरूरतों को देखते हुए 63 HP का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए, ताकि भविष्य में बार-बार बिजली बाधित न हो।

ग्रामीण योगेंद्र सिंह, शिवकुमार, श्रीप्रकाश, राजेश कुमार, अजय सहित अन्य लोगों ने विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से बिजली न होने के कारण मोबाइल चार्जिंग, पानी की मोटर और अन्य आवश्यक कार्य ठप पड़े हैं।

इस संबंध में विद्युत विभाग के जेई अजय अवस्थी ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना प्राप्त हो चुकी है। लाइनमैन को मौके पर भेजकर ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कराया जा रहा है और शीघ्र ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News