कन्नौज में आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अज्ञात युवक का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

संवाद 24 संवाददाता। सौरिख क्षेत्र में मंगलवार सुबह आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव एक्सप्रेसवे के किनारे पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सौरिख थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 157 के पास की है। सुबह करीब 10 बजे नियमित गश्त के दौरान यूपीडा टीम ने सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव देखा। टीम ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के गांवों में शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने काली शर्ट, ऊपर ग्रे रंग का कोट तथा नीचे मेहंदी रंग की लोअर पहन रखी थी। उसकी कद-काठी मध्यम बताई गई है। पुलिस हुलिए के आधार पर शिनाख्त कराने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News