बहराइच में तेंदुए का आतंक: आंगन में खेल रही 4 वर्षीय बालिका को बनाया शिकार, गांव में दहशत

संवाद 24 बहराइच। निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत रमपुरवा में गुरुवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई। घर के आंगन में खेल रही चार वर्षीय बालिका अनुष्का को तेंदुए ने अचानक हमला कर मौत के घाट उतार दिया। बालिका का शव घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर झाड़ियों के पास मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे अनुष्का अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से निकला तेंदुआ घर में घुस आया और बालिका को दबोचकर बाहर की ओर ले गया। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक तेंदुआ बालिका को गंभीर रूप से घायल कर चुका था।

बालिका की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ बालिका को छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग गया। गंभीर अवस्था में बालिका को परिजन तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों को लेकर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बाघ और तेंदुए की आवाजाही के बावजूद वन विभाग द्वारा ठोस सुरक्षा उपाय नहीं किए गए। ग्रामीणों ने वन विभाग की निष्क्रियता पर नाराजगी जाहिर की है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटना स्थल के आसपास बीते कुछ दिनों से वन्यजीवों की मौजूदगी देखी जा रही थी। बताया गया कि तीन दिन पूर्व इसी क्षेत्र में सड़क पर बाघ देखे जाने की घटना भी सामने आई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में पिंजरे लगाए जाएंगे और गश्त तेज की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की बात कही गई है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *