ठठिया पुलिस ने धर्मपरिवर्तन मामले में एक और आरोपी को किया गिरफ्तार
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र में धर्मपरिवर्तन से जुड़े मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए उकसाने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह मामला बीते दिसंबर माह में उस समय सामने आया था, जब बजरंग दल की सूचना पर ठठिया थाना क्षेत्र के औसेर मौजा अंतर्गत करसाह गांव में एक मकान में कथित रूप से धर्मपरिवर्तन कराए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मौके से ईसाई धर्म से संबंधित पुस्तकें तथा दो सीलबंद तरल पदार्थ की बोतलें बरामद की थीं। मामले में पहले ही उमाशंकर, विद्यासागर और पन्नालाल पुत्र रामस्वरूप दोहरे को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अजब सिंह के इशारे पर पूर्व में पकड़े गए आरोपी गरीब लोगों को रुपये और अन्य सामान का लालच देकर धर्मपरिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। पुलिस लंबे समय से अजब सिंह की तलाश कर रही थी।
गुरुवार को पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ठठिया थाना क्षेत्र के इत्र पार्क के पास से अजब सिंह पुत्र हरीराम, निवासी समरथपुर, जनपद औरैया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस प्रकरण में गुरसहायगंज थाना क्षेत्र की एक एलएलबी छात्रा और उसके ताऊ से भी पूछताछ की गई थी। पुलिस के अनुसार छात्रा के मोबाइल फोन से धर्मपरिवर्तन से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले थे, जिनसे यह भी संकेत मिला कि वह कथित रूप से धर्मपरिवर्तन कराने वाले लोगों के साथ विदेश यात्रा पर जा चुकी है। हालांकि ठोस साक्ष्य न मिलने के कारण दोनों को छोड़ दिया गया।
पुलिस एवं सर्विलांस टीम मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान में जुटी हुई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों के तार देश और विदेश में सक्रिय कुछ संगठनों से जुड़े हो सकते हैं। पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।






