
संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र के झौआ गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के पास एक विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर सर्प रेस्क्यू टीम के विशेषज्ञ ललित यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी सतर्कता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अजगर को काबू में लिया। रेस्क्यू के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू किए गए अजगर का वजन करीब 70 किलोग्राम बताया गया है। अजगर को सुरक्षित पकड़ने के बाद ललित यादव ने तत्काल इसकी जानकारी वन विभाग को दी और आगे की कार्रवाई के लिए निर्देश प्राप्त किए।
वन विभाग के अधिकारियों ने अजगर को किसी भी रिहायशी क्षेत्र से दूर, सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद रेस्क्यू टीम द्वारा अजगर को निर्धारित स्थान पर सुरक्षित रूप से छोड़ा गया।
उल्लेखनीय है कि ललित यादव पिछले तीन महीनों से सर्प रेस्क्यू के कार्य में सक्रिय हैं। यह उनका चौथा सफल रेस्क्यू ऑपरेशन बताया जा रहा है। उनके इस प्रयास की ग्रामीणों ने सराहना की और वन विभाग के साथ समन्वय को सराहा।






