माघ शुक्ल पक्ष की दिव्य जया एकादशी व्रत कथा, कुयोनि से मुक्ति का शास्त्रीय विधान
Share your love

संवाद 24 आचार्य मधुसूदन अग्निहोत्री। सनातन धर्म में एकादशी व्रत केवल उपवास नहीं, बल्कि चित्त-शुद्धि, संयम और ईश्वर-कृपा की दिव्य साधना है। माघ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को जया एकादशी कहा जाता है, जिसका उल्लेख स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने महाभारत काल में अर्जुन से किया है।
यह एकादशी विशेष रूप से भूत-प्रेत, पिशाच, कुयोनि तथा घोर पापबंधन से मुक्ति प्रदान करने वाली मानी गई है। श्रीकृष्ण–अर्जुन संवाद मैं इसकी जानकारी मिलती है।
गांडीवधारी अर्जुन ने भगवान श्रीकृष्ण से विनयपूर्वक पूछा
हे भगवन्! कृपा कर आप माघ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी का माहात्म्य बताइए। इस एकादशी में किस देवता का पूजन करना चाहिए और इसका व्रत करने से कौन-सा फल प्राप्त होता है?
भगवान श्रीकृष्ण बोले अर्जुन! माघ शुक्ल पक्ष की एकादशी जया एकादशी कहलाती है। इस व्रत के प्रभाव से मनुष्य भूत, प्रेत, पिशाच जैसी कुयोनि से मुक्त हो जाता है। अब मैं इसकी दिव्य कथा कहता हूँ, ध्यानपूर्वक सुनो।
जया एकादशी की पौराणिक कथा
एक समय देवताओं के राजा इन्द्र नन्दन वन में देवसभा के साथ विराजमान थे। चारों ओर उत्सव का वातावरण था। गंधर्व गायन कर रहे थे और अप्सराएँ नृत्य में लीन थीं। उसी सभा में पुष्पवती नामक गंधर्व कन्या, माल्यवान नामक गंधर्व पर मोहित हो गई। दोनों की आसक्ति इतनी बढ़ गई कि माल्यवान गायन का सुर-ताल भूल गया। संगीत की लय भंग हो गई।
सभा में बैठे देवताओं को यह अत्यंत अनुचित लगा। देवेंद्र क्रोधित हो उठे संगीत देवी सरस्वती की साधना है। इसे वासना से दूषित करना घोर पाप है। क्रोधवश इन्द्र ने दोनों को शाप दिया, तुमने गुरुजनों की सभा में असंयम दिखाया है। अतः तुम मृत्युलोक में जाकर पिशाच योनि भोगोगे।
शाप के फलस्वरूप पुष्पवती और माल्यवान हिमालय क्षेत्र में पिशाच योनि में जन्मे। वहाँ—
न स्वाद का बोध
न स्पर्श की अनुभूति
न नींद
न सुख
कड़ाके की ठंड, कंपन, पीड़ा और भय उनका जीवन नर्क से भी भयावह था। एक दिन उन्होंने विलाप करते हुए कहा, न जाने कौन-सा पाप किया, जो यह दुर्दशा मिली।
ईश्वर की कृपा से माघ शुक्ल पक्ष की जया एकादशी आई और
उस दिन—
उन्होंने अन्न नहीं खाया
कोई पापकर्म नहीं किया
केवल फल-फूल ग्रहण किए
पीपल वृक्ष के नीचे रात्रि जागरण किया
अगले दिन प्रातः होते ही—
उनकी पिशाच योनि समाप्त हो गई वे पुनः दिव्य गंधर्व और अप्सरा रूप में प्रकट हुए स्वर्णाभूषणों से अलंकृत होकर स्वर्ग लौट गए।
यह देखकर इंद्र को बहुत बड़ा विस्मय हुआ उन्होंने आश्चर्यपूर्वक पूछा, तुम्हें यह मुक्ति कैसे मिली?”
माल्यवान बोले, हे देवराज! यह सब श्रीहरि की कृपा और जया एकादशी व्रत के पुण्य से संभव हुआ है। देवेंद्र ने कहा जो विष्णु-भक्त होता है, वह देवताओं के लिए भी वंदनीय हो जाता है।
जया एकादशी व्रत का फल
भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा—
✔ कुयोनि से निश्चित मुक्ति
✔ समस्त पापों का नाश
✔ सहस्र वर्षों तक स्वर्गवास
✔ तप, यज्ञ और दान के समान
जो श्रद्धा से जया एकादशी का व्रत करता है,
उसने मानो सभी धर्मकर्म कर लिए।”
कथा-सार (आज के समय के लिए संदेश) संगीत, विद्या और कला साधना हैं, वासना नहीं। गुरुजनों की सभा में संयम और मर्यादा अनिवार्य है। असंयम पतन का कारण बनता है। एकादशी व्रत केवल भूख नहीं, आत्मसंयम है
जया एकादशी हमें सिखाती है कि पतन कितना भी गहरा क्यों न हो, भगवान विष्णु की शरण और व्रत-संयम से मुक्ति निश्चित है।






