कन्नौज कलेक्ट्रेट पर गूंजे UGC विरोधी नारे, सवर्ण आर्मी ने सौंपा ज्ञापन

संवाद 24 संवाददाता। यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) से जुड़े नए कानून के विरोध में मंगलवार को कन्नौज में सवर्ण आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष अमित दुबे के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त उपजिलाधिकारी नवनीता राय को सौंपा।

प्रदर्शन से पूर्व सवर्ण आर्मी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गैस एजेंसी के पास एकत्र हुए। वहां से जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला गया। इस दौरान संगठन के लोगों ने यूजीसी कानून को “काला कानून” बताते हुए इसे तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की।

जिलाध्यक्ष अमित दुबे ने कहा कि सरकार द्वारा लाया गया यह कानून सवर्ण समाज के छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार सवर्ण समाज के साथ भेदभावपूर्ण नीतियां अपना रही है और यूजीसी कानून के माध्यम से शिक्षा संस्थानों में उनके बच्चों के अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वहीं, जिला संयोजक रमाकांत पांडेय ने कहा कि पहले आरक्षण व्यवस्था के माध्यम से समाज की प्रतिभाओं को नुकसान पहुंचाया गया और अब नए शैक्षिक कानून के जरिए शिक्षा संस्थानों में भेदभाव को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूजीसी कानून को वापस नहीं लिया गया तो सवर्ण आर्मी सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ेगी।

प्रदर्शन में संगठन के सदस्य पवन पांडेय, सुमित मिश्रा, सचिन पांडेय, विशाल मिश्रा, शिवम मिश्रा, जय दुबे, राजेंद्र प्रसाद दीक्षित, गोपाल पांडेय, हर्षित दुबे, आलोक दीक्षित, नयन मिश्रा, श्यामजी मिश्रा, बासु मिश्रा, विनीत तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News