कन्नौज: सरकारी आवास में मृत मिले डॉक्टर शशांक श्रीवास्तव, जांच में जुटी पुलिस
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। गुरसहायगंज नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात एक डॉक्टर की सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह काफी देर तक आवास का दरवाजा न खुलने पर अस्पताल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और अंदर डॉक्टर का शव बरामद किया।
सीएचसी गुरसहायगंज में कार्यरत फार्मासिस्ट महेंद्र पाल के अनुसार, डॉक्टर शशांक श्रीवास्तव रात करीब एक बजे ड्यूटी पर थे, लेकिन उसके बाद वे अपने सरकारी आवास से बाहर नहीं निकले। शाम करीब छह बजे जब रसोइया भीम भोजन बनाने के लिए आवास पर पहुंचा तो काफी देर तक गेट खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इस पर उसने अस्पताल के अन्य कर्मचारियों को जानकारी दी।
सूचना मिलने पर गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा न खुलने पर पुलिस ने डॉक्टर शशांक चंद्रा, फार्मासिस्ट महेंद्र सिंह और स्थानीय सभासद शिवा गुप्ता की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा। अंदर प्रवेश करने पर डॉक्टर शशांक श्रीवास्तव आवास में बेड के पास जमीन पर पड़े मिले, जिनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। सूचना मिलते ही सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके साथ ही डॉक्टर के परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक डॉक्टर शशांक श्रीवास्तव लखनऊ के सेक्टर-1 एल्डिको सिटी के निवासी थे और वर्ष 2016 से गुरसहायगंज सीएचसी में तैनात थे। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






