कन्नौज में बड़ा हादसा टला: फ्लाईओवर पर ट्राले से गिरे लोहे के गार्डर, रेलवे ट्रैक से टकराने से बचा वाहन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। नेशनल हाईवे पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुरसहायगंज से कानपुर की ओर जा रहे एक ट्राले पर लदे भारी लोहे के गार्डर अचानक सड़क पर गिर गए। यह घटना मंडी समिति फ्लाईओवर पर हुई, जहां गार्डरों को बांधने वाली लोहे की जंजीर टूट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब आठ बजे ट्राला जैसे ही मंडी समिति फ्लाईओवर पर पहुंचा, तभी तेज धमाके के साथ जंजीर टूट गई। इसके चलते ट्राले पर लदे कई भारी गार्डर सड़क पर आ गिरे। कुछ गार्डर फ्लाईओवर की ग्रिल तोड़ते हुए नीचे रेलवे ट्रैक के पास जा गिरे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय फ्लाईओवर और नीचे रेलवे ट्रैक पर कोई मौजूद नहीं था।
गार्डर गिरने के बाद घबराया चालक ट्राले को मौके से भगाने लगा। बहादुरपुर उज्जैना गांव के सामने बने अंडरपास के पास उसने ट्राले को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर रेलवे लाइन की ओर बढ़ गया। इस दौरान चालक ट्राले से कूदकर फरार हो गया। रेलवे ट्रैक के किनारे लगे लोहे के गाटरों से टकराने के कारण ट्राला पटरी तक नहीं पहुंच सका।
घटना के कुछ ही देर बाद उसी रेलवे लाइन से कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन गुजरी। पुलिस के अनुसार, यदि ट्राला कुछ फीट और आगे बढ़ जाता तो ट्रेन से टकराने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था, जिससे एक भीषण हादसा हो सकता था।
सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस और मंडी समिति चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गिरे गार्डरों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। रविवार सुबह तक ट्राला चालक का कोई सुराग नहीं लग सका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।






