तिर्वा में दो युवकों ने महिला से उड़ाए नगदी और जेवरात, पुलिस जांच में जुटी

संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांधी चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रही एक महिला से दो अज्ञात युवकों ने बातचीत के बहाने नगदी और जेवरात की टप्पेबाजी कर ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बेरीसाल गांव निवासी गंगा श्री देर शाम कानपुर देहात क्षेत्र में अपनी रिश्तेदारी से लौटकर घर जाने के लिए गांधी चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और उनसे बातचीत शुरू कर दी। बातों में उलझाकर दोनों युवकों ने महिला के बैग से नगदी और जेवरात निकाल लिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चुपचाप मौके से निकल गए। कुछ देर बाद जब पीड़िता ने अपना बैग चेक किया तो सामान गायब देख उसने शोर मचाया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही तिर्वा पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से घटना की विस्तृत जानकारी ली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

तिर्वा कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टप्पेबाजों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही महिला का चोरी गया सामान बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News