
संवाद 24 कन्नौज। में एसपी आवास के समीप गुरुवार शाम एक परचून दुकानदार पर युवकों द्वारा हमला किए जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गोलकुआं चौराहे की है, जहां मारपीट और उपद्रव के कारण कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए।
जानकारी के अनुसार, गोलकुआं चौराहे पर स्थित परचून दुकान पर शाम के समय तीन युवक पहुंचे और सिगरेट की डिब्बी मांगी। दुकानदार अमित तिवारी ने डिब्बी दे दी, जिसे एक युवक ने जेब में रख लिया। कुछ देर बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो युवक ने दोबारा सिगरेट की डिब्बी मांग ली।
दुकानदार द्वारा पहले ही डिब्बी दिए जाने की बात कहने पर युवक भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी युवक ने फोन कर अपने 8 से 10 साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने एकजुट होकर दुकानदार अमित तिवारी और उनके साथ मौजूद लोगों पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
मारपीट के दौरान जब दुकानदार ने शटर बंद करने की कोशिश की तो हमलावरों ने दुकान में रखा सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी पथराव करते हुए मौके से फरार हो गए। इस दौरान चौराहे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित रहा।
घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार अमित तिवारी ने सदर कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुकान पर झगड़े की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






