मोबाइल पर बात को लेकर विवाद, पति की पिटाई से पत्नी की मौत

संवाद 24 संवाददाता। जिले में घरेलू हिंसा का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली गांव में मोबाइल पर बात करने को लेकर हुए विवाद में पति की पिटाई से पत्नी की जान चली गई। गंभीर रूप से घायल महिला को रातभर इलाज नहीं मिला, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

महोली गांव निवासी महेश प्रजापति का मंगलवार शाम करीब छह बजे अपनी 35 वर्षीय पत्नी सोनी से विवाद हो गया। बताया गया कि पत्नी के किसी से मोबाइल पर बात करने पर पति भड़क गया और दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान महेश ने सोनी को धक्का दे दिया, जिससे उसका सिर दीवार से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, गंभीर चोट लगने के बावजूद महिला को तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया। वह पूरी रात घर पर ही तड़पती रही। बुधवार सुबह हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे सीएचसी सरसौल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा और एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। मृतका के 13 वर्षीय बड़े बेटे अनिकेत ने पुलिस को बताया कि मोबाइल को लेकर मां और पिता में विवाद हुआ था, जिसके बाद पिता ने धक्का दिया और मां का सिर दीवार में टकरा गया।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय रात में मृतका के मायके पक्ष के कुछ लोग भी गांव में मौजूद थे, लेकिन बाद में वे लौट गए। महाराजपुर के कार्यवाहक थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि दंपती के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी, जिसमें महिला के सिर में चोट आई। समय पर उपचार न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई चंद्रलाल, निवासी होलापुर, थाना औंग, जिला फतेहपुर ने महेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

लापरवाही ने छीनी जान
ग्रामीणों का कहना है कि यदि घटना के तुरंत बाद महिला को अस्पताल पहुंचाया गया होता, तो उसकी जान बच सकती थी। सोनी की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने गांव पहुंचकर आक्रोश जताया। मृतका अपने पीछे तीन छोटे बेटों को छोड़ गई है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News