23 जनवरी को फर्रुखाबाद रहेगा अंधेरे में दो मिनट, नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल की पूरी तैयारी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में आगामी 23 जनवरी को प्रस्तावित नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मॉक ड्रिल की रूपरेखा, जिम्मेदारियों और समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 23 जनवरी को सायं 6 बजे से दो मिनट के लिए जनपद के चिन्हित क्षेत्रों में पूर्ण ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान सभी प्रकार की लाइटें बंद रहेंगी, वाहनों का संचालन रोका जाएगा और चल रहे वाहनों की हेडलाइट्स भी बंद रखी जाएंगी, ताकि वास्तविक आपात स्थिति जैसा अभ्यास किया जा सके।
ब्लैकआउट के पश्चात अग्निशमन कार्यालय परिसर में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति की कल्पना पर आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें आग बुझाने, घायलों को सुरक्षित निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शाम 5 बजे अग्निशमन केंद्र पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जनपद की आपातकालीन रिस्पॉन्स टीम पूरी तरह सक्रिय रहे। सभी महत्वपूर्ण स्थानों, अस्पतालों, अग्निशमन केंद्रों और फायर हाइड्रेंट्स का चिन्हांकन समय से पूरा किया जाए। नगर क्षेत्र में लगे सभी पब्लिक एड्रेस सिस्टम को क्रियाशील रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र और स्काउट-गाइड के माध्यम से स्कूलों एवं कॉलेजों में छात्रों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही आम जनता को ब्लैकआउट की प्रक्रिया और उसके दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय के साथ समय से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मॉक ड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






