नाबालिगों के हाथों में मौत की स्टेयरिंग तेज रफ्तार कार ने मचाई तबाही, कई वाहन क्षतिग्रस्त
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में नाबालिगों को वाहन सौंपने की लापरवाही एक बार फिर गंभीर हादसे की वजह बन गई। रावतपुर क्षेत्र में रविवार देर रात तेज रफ्तार कार ने कई बाइकों और एक कार को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। हादसे के बाद कार सवार नाबालिग मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नमक फैक्ट्री के पास रेनबो स्कूल के सामने देर रात अचानक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी तीन बाइकों को रौंदती हुई दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक को हल्की चोटें आईं, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्काल संभाला।
घटना के बाद जब राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार में सवार दो किशोर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो चुके थे। टक्कर में तीन बाइक और एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर आरोपित किशोरों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रावतपुर इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा ने बताया कि कार सवार नाबालिगों की तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नाबालिगों को वाहन सौंपने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर कब तक नाबालिगों के हाथों में वाहन देकर उनकी और दूसरों की जान जोखिम में डाली जाती रहेगी। पुलिस और प्रशासन की सख्ती के बावजूद इस तरह की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जो समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।






