
संवाद 24 संवाददाता। लखनऊ में इंडिगो की फ्लाइट में बम की सूचना मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के सभी प्रमुख एयरपोर्ट सतर्क हो गए हैं। इसी कड़ी में रविवार को कानपुर एयरपोर्ट पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए एयरपोर्ट परिसर में हाईअलर्ट घोषित कर दिया है।
रविवार सुबह दिल्ली से बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) जा रही इंडिगो फ्लाइट में बम की सूचना मिलने पर विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। बताया गया कि एक यात्री को नैपकिन पर लिखी बम की सूचना मिली, जिसके बाद उसने क्रू मेंबर्स को इसकी जानकारी दी। फ्लाइट में सवार करीब 230 यात्रियों को सुरक्षित उतारकर गहन जांच की गई। हालांकि बाद में कोई विस्फोटक नहीं मिला, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह चौकन्ना कर दिया।
कानपुर एयरपोर्ट पर सख्ती
लखनऊ की घटना के बाद कानपुर एयरपोर्ट पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने व्यापक चेकिंग अभियान शुरू किया। एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाली सभी गाड़ियों की जांच की गई। यात्रियों और उनके सामान की कड़ी तलाशी के बाद ही टर्मिनल में प्रवेश दिया गया। एयरपोर्ट के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों से भी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
गणतंत्र दिवस को लेकर अतिरिक्त सतर्कता
आने वाले गणतंत्र दिवस को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहतीं। अधिकारियों के मुताबिक, त्योहार और राष्ट्रीय पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी थी, लेकिन बम की सूचना के बाद इसे और मजबूत कर दिया गया है।
रोजाना करीब एक हजार यात्रियों का आवागमन
कानपुर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए रोजाना चार फ्लाइटें संचालित होती हैं, जिनसे करीब एक हजार यात्रियों का आवागमन होता है। यात्रियों के साथ उन्हें छोड़ने और लेने आने वाले परिजनों की भी जांच की जा रही है, जिससे एयरपोर्ट पर सुरक्षा का घेरा और मजबूत हो गया है।
फ्लाइटों पर पड़ा असर
सख्त सुरक्षा जांच का असर उड़ानों के संचालन पर भी दिखा। रविवार को मुंबई, हैदराबाद और दिल्ली की फ्लाइटें तय समय से कुछ देरी से संचालित हुईं। हालांकि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रियों ने भी जांच प्रक्रिया में सहयोग किया।






