13 दिन में ₹7.31 लाख करोड़ का झटका, अंबानी $100 अरब क्लब से बाहर; जानिए कितनी रह गई नेटवर्थ

Share your love

संवाद 24 बिज़नेस डेस्क। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आई हालिया गिरावट का सीधा असर कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी की निजी संपत्ति पर पड़ा है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के अनुसार मुकेश अंबानी अब 100 अरब डॉलर क्लब से बाहर हो गए हैं। 13 दिनों के भीतर उनकी नेटवर्थ में करीब 8.12 अरब डॉलर यानी लगभग ₹7.31 लाख करोड़ की गिरावट दर्ज की गई है।

ब्लूमबर्ग की सूची के मुताबिक अंबानी की मौजूदा नेटवर्थ घटकर 99.6 अरब डॉलर रह गई है। हाल के कारोबारी सत्रों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लगातार दबाव देखने को मिला। मंगलवार को शेयर में एक फीसदी से अधिक की गिरावट आई, जिससे अकेले एक दिन में ही अंबानी की संपत्ति करीब 2.07 अरब डॉलर घट गई।

नेटवर्थ में आई इस तेज गिरावट के बाद मुकेश अंबानी दुनिया के अमीरों की सूची में 18वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वर्ष 2026 में अब तक सबसे ज्यादा संपत्ति गंवाने वाले अरबपतियों की सूची में वह दूसरे स्थान पर हैं।

इस सूची में उनसे आगे मार्क जकरबर्ग हैं, जिनकी नेटवर्थ में इस साल अब तक 9.84 अरब डॉलर की गिरावट आई है। इसके बावजूद जकरबर्ग 223 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के छठे सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स में पहले स्थान पर एलन मस्क हैं, जिनकी नेटवर्थ 640 अरब डॉलर बताई गई है और इस साल उनकी संपत्ति में 20.9 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है।

टॉप-10 अमीरों की सूची में लैरी पेज, सर्गेई ब्रिन, जेफ बेजोस, लैरी एलिसन, बर्नार्ड आरनॉल्ट, स्टीव बालमर, जेंसन हुआंग और वॉरेन बफे शामिल हैं।

वहीं भारत के दूसरे प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी 81 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ 21वें स्थान पर बने हुए हैं।

बाजार विश्लेषकों का कहना है कि रिलायंस के शेयरों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक बाजारों की अस्थिरता आने वाले दिनों में अंबानी की नेटवर्थ की दिशा तय करेगी। फिलहाल 100 अरब डॉलर क्लब से बाहर होना भारतीय कॉरपोरेट जगत के लिए एक अहम संकेत माना जा रहा है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News