अश्लील मैसेज भेजने के मामले में सांसद के पुत्र ने दर्ज कराया मुकदमा

संवाद 24 संवाददाता। सांसद मुकेश राजपूत के पुत्र अमित राजपूत ने थाना कादरीगेट में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अश्लील संदेश भेजने और मानहानि के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि बीते लगभग 10–11 महीनों से अज्ञात व्यक्ति द्वारा अलग-अलग मोबाइल नंबरों और एक फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से अमित राजपूत की पत्नी के नाम का दुरुपयोग कर अश्लील मैसेज भेजे जा रहे हैं।

इसका उद्देश्य जानबूझकर परिवार की सामाजिक और राजनीतिक छवि को धूमिल करना बताया गया है। अमित राजपूत के अनुसार, आरोपी व्हाट्सएप कॉल, टेक्स्ट मैसेज और फेसबुक पोस्ट के माध्यम से न केवल उन्हें, बल्कि उनके परिजनों एवं परिचितों को भी आपत्तिजनक और अभद्र संदेश भेज रहा है। इससे पूरे परिवार को लगातार मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।

सांसद की छवि धूमिल करने का भी आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि हाल के दिनों में आरोपी ने सांसद मुकेश राजपूत के चरित्र पर टिप्पणी करते हुए एक महिला के साथ उनकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की। इससे न सिर्फ परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी गलत संदेश गया।

अमित राजपूत का कहना है कि आरोपी को उनके परिवार से जुड़ी कई निजी जानकारियां हैं, जिससे प्रतीत होता है कि यह कृत्य पूरी योजना के तहत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी इस संबंध में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आरोपी की पहचान नहीं हो सकी थी। लगातार आ रहे कॉल और मैसेज के चलते पूरा परिवार मानसिक तनाव में है।

पुलिस ने शुरू की जांच
थाना कादरीगेट पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स की तकनीकी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News