सातनपुर आलू मंडी में भावों में उछाल, भुगतान व्यवस्था को लेकर आढ़तियों का अहम फैसला
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद सातनपुर आलू मंडी में शुक्रवार को आलू के भावों में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिली। मंडी में आलू के दामों में 50 रुपये प्रति कुंतल तक का उछाल दर्ज किया गया, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे। सफेद आलू 401 से 561 रुपये प्रति कुंतल तक बिका, जबकि लाल आलू का भाव 751 रुपये प्रति कुंतल तक पहुंच गया। मंडी में दिनभर करीब 80 मोटर आलू की आवक रही। भाव बेहतर होने के कारण किसानों की बिकवाली संतोषजनक रही और व्यापारिक गतिविधियां सुचारु रूप से चलती रहीं।
आढ़तियों की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
इसी क्रम में सातनपुर आलू मंडी परिसर में आलू आढ़ती एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब प्रतिदिन सुबह ठीक 8 बजे सभी आढ़ती और व्यापारियों की मौजूदगी में आलू के भाव खोले जाएंगे। इस निर्णय से मंडी में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को समय पर सही भाव की जानकारी मिल सकेगी।
भुगतान की समय-सीमा तय, किसानों को मिलेगी राहत
बैठक में यह भी तय किया गया कि खरीदारों को आलू खरीद के बाद 8 से 15 दिनों के भीतर भुगतान करना अनिवार्य होगा। आढ़तियों ने बताया कि अब तक भुगतान की कोई स्पष्ट समय-सीमा तय न होने के कारण कई बार किसानों और आढ़तियों को महीनों तक भुगतान के लिए भटकना पड़ता था। नए नियम लागू होने से किसानों को समय पर भुगतान मिलने का रास्ता साफ हो गया है, जिससे उनका आर्थिक भरोसा मजबूत होगा। इसके अलावा बैठक में आलू विक्रय के भाव के अनुसार 6 आर देने पर भी सहमति बनी।
बड़ी संख्या में आढ़ती और व्यापारी रहे मौजूद
बैठक में आलू आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर वर्मा सहित रिंकू, श्रीचंद मिश्रा, हरिनरायन यादव, रामलड़ैते राजपूत, ओमकार सिंह यादव, नीलेश दीक्षित, ओमप्रकाश सेतिया, अरविंद राजपूत, हरीबाबू गुप्ता, लक्ष्मन गुप्ता, प्रवीन पाल, गौरव गंगवार, हरिश्चंद्र राजपूत, मनोज गंगवार, विकास यादव, रमन दीक्षित, प्रमोद यादव, अशोक श्रीवास्तव, प्रदीप शाक्य, देवकीनंदन वर्मा समेत बड़ी संख्या में आढ़ती एवं व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन रामलड़ैते राजपूत ने किया, जबकि अध्यक्षता हरिनरायन यादव ने की।
आढ़तियों का मानना है कि इन फैसलों से मंडी व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य और समय पर भुगतान मिल सकेगा।






