अंडरपास के पास झाड़ियों में मिला अज्ञात युवक का शव, टैटू के आधार पर पहचान की कोशिश

संवाद 24 फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के बहादुर नगला अंडरपास के पास झाड़ियों में मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब छह बजे ग्रामीण दलवीर सिंह के पुत्र सुमित कुमार शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में शव या किसी वाहन को घसीटे जाने के निशान मिलने की बात सामने आई है। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, पुलिस उपाधीक्षक अजय वर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और मृतक की तस्वीर आसपास के थानों व ग्राम प्रधानों के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष है। उसके दाहिने हाथ की कलाई पर ‘विक्रम’ और बाएं हाथ पर ‘ओम’ लिखा टैटू बना हुआ है। युवक ने चेकदार स्वेटर, टी-शर्ट, शर्ट, बादामी रंग की पैंट और एक पैर में काला जूता पहन रखा था। गर्दन पर गला घोंटने जैसे काले निशान और मुंह से खून निकलने के संकेत भी मिले हैं।

चौकी प्रभारी यतेंद्र सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News