एसएन मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का आरोप जूनियर छात्र से मारपीट, चार सीनियर मेडिकल छात्रों पर एफआईआर दर्ज

संवाद 24 संवाददाता। एसएन मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का मामला सामने आया है। एमबीबीएस तृतीय वर्ष के एक छात्र ने चार सीनियर छात्रों पर कार में बैठाकर ले जाने से इनकार करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना एमएम गेट में चार मेडिकल छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पीड़ित छात्र रामकुमार, हाथरस जिले के गांव खजुरिया के निवासी हैं और वर्ष 2023 बैच के एमबीबीएस छात्र हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 1 जनवरी की रात करीब 9:15 बजे वह अपनी कार लेकर कॉलेज के हॉस्टल पहुंचे थे। हॉस्टल की पार्किंग में गाड़ी खड़ी करते समय वहां पहले से मौजूद वरिष्ठ छात्र सूरज चौधरी, गौतम बडेरिया, रितुराज जाटव और विवेक ने उन्हें रोक लिया।

कार में बैठाने को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित का आरोप है कि चारों वरिष्ठ छात्रों ने उनके साथ रैगिंग शुरू की और कार में बैठाकर ले जाने का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी आक्रोशित हो गए और उनके साथ मारपीट करने लगे। पीड़ित ने घटना की जानकारी अपने भाई लखन को फोन पर दी, जो आगरा में ही रहता है। आरोप है कि भाई के पहुंचने पर आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्रता की और विरोध करने पर उसकी भी पिटाई कर दी।

पुलिस बोली आपसी मारपीट का मामला
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि तहरीर में रैगिंग का आरोप लगाया गया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में मामला छात्रों के बीच आपसी मारपीट का प्रतीत हो रहा है। पीड़ित की शिकायत पर मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। कॉलेज प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गई है और विवाद की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने मेडिकल परीक्षण नहीं कराया है, जबकि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

पीड़ित बोला हो गया समझौता
पीड़ित छात्र रामकुमार ने कहा कि आरोपी वरिष्ठ छात्र हैं और कॉलेज प्रशासन व छात्रों के स्तर पर बातचीत के बाद विवाद समाप्त करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही वह पुलिस से मिलकर अपनी बात रखेंगे।

कॉलेज प्रशासन ने शुरू की जांच
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि यह मामला रैगिंग से अधिक आपसी मारपीट का है। कॉलेज के प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों में एक छात्र 2018 बैच का है, दो छात्र 2021 बैच के हैं, जबकि एक छात्र वर्तमान में फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत है।

इसके साथ ही हॉस्टल प्रभारी द्वारा भी आंतरिक जांच की जा रही है, जिसमें यह भी देखा जा रहा है कि रात के समय बाहरी छात्र हॉस्टल परिसर में कैसे पहुंचा। पिटाई का वीडियो होने की चर्चा सामने आई है, हालांकि जांच समिति को अब तक ऐसा कोई वीडियो उपलब्ध नहीं हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कॉलेज स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *